More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन का निदेशक ने लिया जायजा, व्यवस्थाओं की जांच...

    राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन का निदेशक ने लिया जायजा, व्यवस्थाओं की जांच की

    जयपुर। साक्षरता एवं सतत् शिक्षा विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार खींची ने राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग से संबंधित परिवादों की स्थिति, पोर्टल पर उनकी श्रेणीवार प्रविष्टि, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।

    शिक्षा विभाग से संबंधित सभी श्रेणियों का विस्तृत विश्लेषण

    निरीक्षण के दौरान निदेशक खींची ने शिक्षा विभाग से संबंधित सभी श्रेणियों में प्राप्त परिवादों का विस्तृत विश्लेषण किया। उन्होंने शिकायतों की प्रकृति, संबंधित विभागीय स्तर तथा निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परिवादों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    शिकायतें सक्षम स्तर पर हों शीघ्र प्रेषित, हो समयबद्ध निस्तारण

    खींची ने कहा कि प्राप्त शिकायतों को उनकी प्रकृति एवं विषय के अनुरूप सक्षम स्तर पर शीघ्र प्रेषित किया जाए, ताकि अनावश्यक विलंब न हो और परिवादियों को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ निस्तारण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

    परिवादों के प्रभावी समाधान हेतु सही री-कैटेगराइजेशन पर बल

    उन्होंने निर्देशित किया कि यदि किसी परिवाद की वर्तमान श्रेणी उसके वास्तविक विषय से मेल नहीं खाती, तो आवश्यकतानुसार उसका री-कैटेगराइजेशन किया जाए, जिससे शिकायत संबंधित एवं सक्षम स्तर तक पहुंचकर उसका उचित समाधान सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही परिवादों की सही श्रेणी निर्धारण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

    विद्यार्थियों से जुड़ी शिकायतों को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता

    उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से संबंधित परिवादों का निस्तारण संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ किया जाए, ताकि संबंधित विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सहायता एवं समाधान उपलब्ध हो सके। इस दौरान बालिका सैनिक स्कूल से संबंधित प्राप्त शिकायतों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया।

    निरीक्षण के दौरान खींची ने परिवाद निस्तारण से जुड़े कार्मिकों से संवाद कर पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली तथा परिवादियों से बात कर उनके प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग की प्रोग्रामर अंजू गांधी सहित संपर्क पोर्टल के अधिकारी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here