More
    Homeराज्ययूपीपांच बार शादी तुड़वाई, छठी बार मंजूरी दी... फिर भी काजल की...

    पांच बार शादी तुड़वाई, छठी बार मंजूरी दी… फिर भी काजल की जान ले बैठा रोहित

    4 जून की सुबह यूपी के एटा स्थित थाना सकरौली के गांव बारा समसपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवती का शव उसके बेड के पास पड़ा मिला, जिसके गले पर नुकीली हथियार से कई वार किए गए थे। मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह और एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई और साक्ष्य संकलन शुरू किया गया।

    प्रेम प्रसंग से उपजा विवाद, रात में 2 किमी पैदल चला प्रेमी

    पुलिस ने जांच के लिए सर्विलांस और स्वाट टीम को लगाया। रविवार तड़के 3 बजे संयुक्त प्रयासों से आरोपी रोहित उर्फ अर्जुन कुमार को उसके गांव तखावन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह पिछले तीन साल से काजल से प्रेम करता था। काजल की सगाई तय होने के बाद उसने बातचीत कम कर दी थी। 4 जून की रात 10 बजे तक दोनों की बात हुई, लेकिन इसके बाद काजल का फोन व्यस्त आने लगा। गुस्से में रोहित रात में 2 किलोमीटर पैदल चलकर काजल के घर पहुंच गया।

    धक्का मारने पर भड़का गुस्सा, कैंची से किया हमला

    रोहित ने बताया कि वह चुपके से काजल के कमरे में घुसा और बात करने की कोशिश की। काजल ने उसकी बात अनसुनी कर अपने मंगेतर से फोन पर बात शुरू कर दी और रोहित को धक्का देकर अनदेखा किया। इससे गुस्साए रोहित ने पास पड़ी कैंची उठाई, काजल का मुंह दबाया और उसे जमीन पर गिराकर गले पर कई बार प्रहार किए। वह तब तक वार करता रहा जब तक काजल की सांसें थम नहीं गईं। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही पकड़ लिया।

    पांच बार रुकी शादी, इस बार दी थी सहमति

    रोहित ने खुलासा किया कि पिछले तीन साल में काजल के परिजनों ने पांच बार उसका रिश्ता तय किया, लेकिन हर बार रोहित के कहने पर काजल ने शादी से इनकार कर दिया। एक बार तो सगाई पक्की हो गई थी और सामान भी पहुंच गया था, लेकिन काजल ने फिर मना कर दिया। इस बार रोहित ने काजल की सगाई को स्वीकार कर लिया था और केवल बात करना चाहता था। लेकिन काजल की अनदेखी और धक्का मारने की घटना ने उसे हिंसक बना दिया।

    पुलिस की मुस्तैदी, तड़के पकड़ा गया आरोपी

    घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना सकरौली, जलेसर और अवागढ़ की टीमें सक्रिय कीं। फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। सर्विलांस और स्वाट टीम की मेहनत रंग लाई और रविवार सुबह 3 बजे रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here