More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रमहाराष्ट्र में सोसायटी चुनाव की प्रक्रिया होगी तेज, 35 दिन की जगह...

    महाराष्ट्र में सोसायटी चुनाव की प्रक्रिया होगी तेज, 35 दिन की जगह लगेंगे सिर्फ 9-13 दिन

    मुंबई। महाराष्ट्र में 50 या उससे कम सदस्यों वाली सहकारी गृहनिर्माण संस्थाओं के चुनाव अब विशेष आमसभा के जरिए कराए जाएंगे। सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, जिससे छोटी हाउसिंग सोसायटियों की चुनाव प्रक्रिया अधिक सरल और तेज हो सकेगी।

    नियम 76-जी में बदलाव और कम समय में चुनाव

    इस व्यवस्था को लागू करने के लिए महाराष्ट्र सहकारी संस्था नियम, 2014 के नियम 76-जी में संशोधन किया जाएगा। पहले 250 या उससे कम सदस्यों वाली ई-वर्ग की संस्थाओं के चुनाव में करीब 35 दिन लगते थे, लेकिन विशेष आमसभा के माध्यम से यह प्रक्रिया केवल 9 से 13 दिनों में पूरी हो जाएगी।

    लागत में कमी और नई समय-सारणी

    सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि छोटी सोसायटियों के पदाधिकारी निस्वार्थ भाव से काम करते हैं और पुरानी व्यवस्था में बार-बार उपस्थिति से समय व धन की बर्बादी होती थी, जिसे दूर करने के लिए राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। नई प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी होने के तीन दिन के भीतर और आमसभा से कम से कम सात दिन पहले चुनाव अधिकारी को नोटिस देना होगा, जबकि मतदान व नतीजे इसी विशेष सभा में घोषित किए जाएंगे। चुनाव की अंतिम रिपोर्ट दो दिन में निबंधक को देनी होगी और सात दिन के भीतर नई प्रबंध समिति बनेगी। बैठक में प्रधान सचिव प्रवीण दराडे, सहकार आयुक्त दीपक तावरे और सह सचिव संतोष पाटील सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। ठाणे जिला हाउसिंग फेडरेशन के अध्यक्ष सीताराम राणे ने इस फैसले को पारदर्शिता बढ़ाने वाला बताया, वहीं एकवीरा हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष लक्ष्मण के जोगदिया ने सरकार के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की बात कही।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here