More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशरतलाम कलेक्टर ने सांदीपनी स्कूल का किया दौरा, बच्चों को पढ़ाया और...

    रतलाम कलेक्टर ने सांदीपनी स्कूल का किया दौरा, बच्चों को पढ़ाया और ग्राम पंचायत के काम देखे

    रतलाम: रतलाम जिले के कलेक्टर अजय कटेसरिया शुक्रवार को अचानक रावटी स्थित सांदीपनी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंच गए। अचानक कलेक्टर को स्कूल परिसर में देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।

    दरअसल, कलेक्टर आदिवासी अंचल रावटी में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरे के दौरान उन्होंने स्कूल का भी औचक निरीक्षण किया और सीधे क्लासरूम में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई-लिखाई से जुड़े सवाल-जवाब किए। इतना ही नहीं, उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर खुद गणित के सवाल लिखकर बच्चों को उन्हें हल करने की सरल विधियां भी समझाईं।

    रावटी क्षेत्र के विकास कार्यों और शिविरों का लिया जायजा

    मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर रावटी क्षेत्र में आयोजित जन विश्वास शिविरों का निरीक्षण करने के लिए अपने अमले के साथ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मनरेगा (MGNREGA) के अंतर्गत किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यक्रमों का बारिकी से निरीक्षण किया। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया।

    कक्षा में बच्चों से पूछे सवाल और शिक्षकों को दिए निर्देश

    ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का निरीक्षण करने के पश्चात कलेक्टर सांदीपनी स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। क्लासरूम में बच्चों से संवाद करते हुए उन्होंने बोर्ड पर गणित के सवाल हल किए और बच्चों से उनके जवाब पूछे। बच्चों ने भी उत्साह के साथ कलेक्टर के सवालों के सही उत्तर दिए।

    इस दौरान कलेक्टर ने स्कूल के शिक्षकों से भी विशेष चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और बच्चों की बुनियादी गणितीय दक्षता (मैथ्स स्किल्स) को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

    ग्रामीणों की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान

    इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) वैशाली जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। सीईओ वैशाली जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर द्वारा मनरेगा कार्यों और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के निरीक्षण की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here