More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशकूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का हुआ शुभारंभ

    कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का हुआ शुभारंभ

    भोपाल : पर्यटकों को साहसिक खेल, जंगल सफारी, स्थानीय कला-शिल्प, लोक संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का अनूठा संगम उपलब्ध कराने के लिए श्योपुर के ग्राम रानीपुरा में कूनो राष्ट्रीय उद्यान के समीप ‘कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट’ के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी विकसित की गई है, जहां सर्वसुविधायुक्त ऑल-सीजन स्विस टेंट में पर्यटक लग्जरी ग्लेम्पिंग का आनंद ले सकेंगे। वर्ष 2023 में प्रारंभ हुई इस पहल का उद्देश्य कूनो को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

    सचिव पर्यटन और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध वन्यजीव संपदा और प्राकृतिक विविधता के लिए विश्वभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। पर्यटन विभाग राष्ट्रीय उद्यानों के समीप अनुभव आधारित पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

    महोत्सव में हाई-रोप कोर्स, तीरंदाजी, एयरगन शूटिंग, साइकिलिंग, बैटरी कार एवं एटीवी राइडिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। पर्यटक ग्राम भ्रमण, स्थानीय कला एवं शिल्प कार्यशाला, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे।

    कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट में पर्यटकों के लिए तीन दिन और दो रातों का विशेष अनुभव आधारित पर्यटन कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें जंगल सफारी, नदी किनारे प्रकृति भ्रमण, पक्षी अवलोकन, स्टारगेजिंग, देव खो इको-टूरिज्म स्थल का भ्रमण तथा योग एवं ध्यान सत्र शामिल हैं। जंगल सफारी वन विभाग की अनुमति, उपलब्धता और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।

    कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, कलाकारों, शिल्पकारों एवं छोटे व्यवसायियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटक बुकिंग एवं अन्य जानकारी के लिए वेबसाइट www.kunoforestretreat.com, मोबाइल नंबर +91 96247 99166 तथा ई-मेल booking.kuno@evokeexperiences.in पर संपर्क कर सकते हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here