More
    Homeराज्ययूपीकन्नौज हादसे की दर्दनाक कहानी, 8 KM दूर था रेस्ट एरिया फिर...

    कन्नौज हादसे की दर्दनाक कहानी, 8 KM दूर था रेस्ट एरिया फिर भी गलत जगह रोका गया वाहन

    कन्नौज। जनपद के ठठिया थानाक्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 209 के समीप खड़ी एक स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार बच्चों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे के समय बस में मौजूद दसवीं कक्षा के प्रत्यक्षदर्शी छात्र अस्मित चौरसिया ने बताया कि सुबह का वक्त था और अधिकांश बच्चे बस के भीतर सो रहे थे, जबकि एक-दो बच्चे ही नीचे उतरे हुए थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की पिछली सीटों पर बैठे विद्यार्थियों को अधिक गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने कौशांबी जिले के थाना मोहम्मदपुर पैंसा के कैमा गांव निवासी सहायक अध्यापक भूपेंद्र कुमार की शिकायत पर ठठिया थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बस में 50 विद्यार्थियों के अलावा चार महिला व चार पुरुष शिक्षक तथा तीन कर्मचारी सवार थे और लघुशंका के लिए बस को रोका गया था।

    ट्रक चालक फरार, मालिक के नाम को लेकर उलझा मामला

    दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पर आलू लदा हुआ था, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था। टक्कर के तुरंत बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर जब हरियाणा के पलवल स्थित उतावल बारी रोड धौलपुर निवासी मालिक रकीम खान से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे करीब छह महीने पहले ही वाहन बेच चुके हैं, हालांकि अभी कागजात का स्थानांतरण नहीं हो सका है। वहीं जिस व्यक्ति को ट्रक बेचने की बात कही जा रही है, उसका दावा है कि उसकी टायर एजेंसी है और उसने कोई ट्रक नहीं खरीदा है, जिससे असली मालिक को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ठठिया थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बस एक्सप्रेसवे पर क्यों खड़ी थी और ट्रक की गति कितनी थी, इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। एआरटीओ इज्या तिवारी के मुताबिक 61 सीटर स्कूल बस का परमिट, बीमा और फिटनेस दुरुस्त पाया गया है तथा उस पर 60 लोग सवार थे, वहीं ट्रक के भी सभी कागजात पूरे मिले हैं।

    एक छात्र की तबीयत बिगड़ने पर रुकी थी बस, रेस्ट एरिया से पहले पार्किंग पर सवाल

    बताया गया कि बस में सवार एक विद्यार्थी को पेशाब करने में तकलीफ और पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसे इटावा में एक चिकित्सक को दिखाया गया था और उसी छात्र के कहने पर चालक ने एक्सप्रेसवे पर बस रोकी थी। हैरानी की बात यह है कि दुर्घटनास्थल किलोमीटर संख्या 209 से केवल आठ किलोमीटर आगे किलोमीटर संख्या 217 पर रेस्ट एरिया मौजूद है, जहां वाहनों के ठहरने की पर्याप्त सुविधा है, ऐसे में रेस्ट एरिया से पहले ही बस खड़ा करना बड़े सवाल खड़े कर रहा है। दूसरी ओर इस हादसे में जान गंवाने वाले छात्र जैद के पिता रियाज अहमद ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों को लेकर रात में यात्रा नहीं करनी चाहिए थी और स्थानीय स्तर पर चलने वाली जिस बस की लाइटें तक ठीक नहीं थीं, उसे टूर पर भेज दिया गया।

    एंबुलेंस की देरी से तड़पते रहे घायल, बच्चों ने संभाला मोर्चा

    टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और दहशत के बीच स्थानीय लोगों व राहगीरों ने पुलिस को खबर दी। अपने सगे छोटे भाई आर्यन चौरसिया को इस दुर्घटना में खोने वाले प्रत्यक्षदर्शी छात्र अस्मित ने आरोप लगाया कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहले पहुंच गए थे, लेकिन वे केवल देखते रहे और बच्चों ने ही स्वयं घायल साथियों को बस से बाहर निकाला। अस्मित ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जैद के हाथ की हड्डी बाहर आ गई थी और उसे सड़क पर लिटाकर ठंड से बचाने के लिए चादर ओढ़ाई गई थी, वह करीब आधे घंटे तक आंखें खोले तड़पता रहा, लेकिन एंबुलेंस सूचना देने के लगभग एक घंटे बाद पहुंची, यदि समय पर चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

    मेडिकल कॉलेज में घायलों का उपचार जारी, नेताओं ने जाना हाल

    इस दुर्घटना में फतेहपुर और कौशांबी के अनेक छात्र व शिक्षक घायल हुए हैं, जिनमें मोइनुद्दीन, अंशु विश्वकर्मा, लाइबा शेख, शहरबानो, रुकसार, प्रिंस प्रजापति, निधि निर्मल, हिमांशु शर्मा, अध्यापिका डोली, अहमद रजा, अध्यापक मोहम्मद जाहिद, अनुज कुमार, अली पुरतुषा, रुखसार फातिमा, अध्यापिका शाहिदा और मोहम्मद रिजवान शामिल हैं। वहीं अधिक गंभीर रूप से घायल कौशांबी की शिक्षिका शिवांगी यादव सहित छात्र अभिषेक, मुजम्मिल, अहमद रजा, फहद बिलाल, अब्दुल रहमान और पीयूष का राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह से फोन पर बात कर घायल बच्चों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के नेता आरिफ जमा खान, निवर्तमान जिलाध्यक्ष कलीम खान, इंजीनियर अनिल पाल, हसीब हसन, इमरोज अहमद, गुलशाद अहमद, सोहेल फारूक और तुफैल मेराज ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा शासन से मृतक बच्चों के परिजनों को पचास-पचास लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और घायलों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here