More
    Homeराज्ययूपीमां विंध्यवासिनी धाम में 20 घंटे होंगे दर्शन, चरण स्पर्श रहेगा प्रतिबंधित

    मां विंध्यवासिनी धाम में 20 घंटे होंगे दर्शन, चरण स्पर्श रहेगा प्रतिबंधित

    मिर्जापुर।चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मां विंध्यवासिनी का चरण स्पर्श प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान रोज 24 घंटे मंदिर खुला रहेगा। 20 घंटे मंदिर में श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर सकेंगे। चार पहर की आरती के लिए एक-एक घंटे मंदिर के कपाट बंद रहेंगे।श्री विंध्य पंडा समाज अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि मंगला आरती भोर में तीन से चार बजे, दोपहर राजश्री आरती 12 बजे से एक बजे, संध्या आरती शाम 7 बजे से आठ बजे तक व बड़ी आरती रात नौ बजकर 30 मिनट से 10 बजकर 30 मिनट तक होगा। चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मां विंध्यवासिनी का शयन नहीं लगेगा। पंडा समाज के मंत्री भानू पाठक ने बताया चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मां विंध्यवासिनी का चरण स्पर्श पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

    चैत्र नवरात्र में नौ दिन बाकी, स्टेशन मार्ग बदहाल, गलियों में जगह-जगह मलबा

    चैत्र नवरात्र मेले की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मेले में महज नौ दिन शेष रह गया है। लेकिन तैयारियां जोर नहीं पकड़ पा रही हैं। कई ऐसे कार्य हैं, जिसे अल्प समय में पूरा करना किसी चुनौती से कम नहीं। मुख्य सड़क से लेकर मां विंध्यवासिनी मंदिर व गंगाघाटों की तरफ जाने वाली विभिन्न गलियों में जगह-जगह मलबा, कूड़े का अंबार पड़ा है। अभी तक गंगा घाटों सहित प्रमुख गलियों में सफाई तक शुरू नहीं हो पाई है।

    मेला क्षेत्र में शुद्ध पेयजल और प्रकाश का समुचित प्रबंध कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। विंध्याचल मंदिर तक जाने क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत शुरु नहीं हुई। हालात यही रहे तो श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ सकता है। वर्तमान समय में भट्ट की गली, सेंट्रल बैंक गली, नाहर की गली, त्रिमुहानी गली, पश्चिम मुहाल गली, रामजी की गली, बावली गली एवं कोतवाली गली तथा विध्यांचल की मुख्य सड़कों पर जगह-जगह नाले और नालियां जाम है। 

    गलियों में अधिकांश स्थानों पर कूड़े का अंबार है, जिससे भक्तों को आवागमन में परेशानी होगी। रोडवेज परिसर सहित प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में गंदगी है। इसी तरह अष्टभुजा पहाड़ पर मेले के मद्देनजर पंचायत राज विभाग की तरफ से तैयारी नहीं शुरू हो पाई है। उधर, विध्यांचल मिर्जापुर सड़क की हालत ठीक नहीं है। विंध्याचल रेलवे स्टेशन मुख्य मार्ग 40 फीट चौड़ा कर दिया गया है। मार्ग पर जगह-जगह मलबा पड़ा है। कीचड़ युक्त सड़क पर श्रद्धालुओं को आवागमन में मुश्किलें होंगी।

    सिर्फ तीन घाटों पर होगा स्नान ध्यान, श्रद्धालुओं को हो सकती है परेशानी

    गंगाघाटों पर विंध्य की पौड़ी का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते श्रद्धालु चैत्र नवरात्र के दिनों में छह घाटों पर गंगा स्नान नहीं कर सकेंगे। विंध्यधाम में इस बार इमली घाट, गुदारा घाट, परशुराम घाट, भैरो घाट, बाबू घाट, देवी घाट, चिकना टोला घाट पर गंगा स्नान प्रतिबंधित रहेगा। सिर्फ तीन घाट पर ही श्रद्धालु स्नान-ध्यान कर सकेंगे। नगर पालिका ईओ जी लाल ने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान दिवान घाट, पक्का घाट, व अखाड़ा घाट पर पालिका प्रशासन की तरफ से स्नान की व्यवस्था की जाएगी।

    24 घंटे होगी बिजली की आपूर्ति, मरम्मत शुरू

    चैत्र नवरात्र मेले में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए बिजली निगम की तरफ से विंध्याचल फीडर, काली खोह फीडर व अष्टभुजा धाम फीडर की बिजली सप्लाई सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बंद कर कार्य शुरू है। विंध्याचल धाम फीडर पर ट्रांसफाॅर्मर की मरम्मत एवं जर्जर तारों की मरम्मत हो रही है। काली खोह मंदिर से हाईवे तक बिजली के तारों में सटे पेड़ों की टहनियों की कटाई एवं अष्टभुजा हाईवे पर कार्य शुरू कर दिए गए हैं। जेई विनय कुमार वैश्य ने बताया कि नवरात्र मेले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम शुरू हो गया है।

    अस्थायी शौचालय व प्रकाश की व्यवस्था होगी

    नगर पालिका परिषद मिर्जापुर विंध्याचल में चैत्र मेले की तैयारियां कर रही है। इस बार मेले में आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए 34 लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए नगर पालिका ने तैयारियां शुरु कर दी है। दावा है कि मेले से पहले तैयारियां पूर्ण हो जाएंगी।

    पानी के लिए टैंकरों की मरम्मत कराई जाएगी। 22 टैंकर मरम्मत योग्य हैं। इसके लिए 4,23,980 रुपये की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र के 38 स्टैंड पोस्ट व पैडस्थलों की मरम्मत व पेंटिंग के साथ ही पानी की टंकियों की सफाई, बाल्टी, मग व साबुन की व्यवस्था 4,24,833 रुपये के बजट से की जाएगी। 2,50,263 रुपये से पाइप लाइन, 3,50,000 से अस्थायी प्याऊ, हैंडपंपों की मरम्मत व अन्य व्यवस्था की जाएगी। 

    65 मिनी नलकूपों के रखरखाव व मरम्मत के लिए 422588 रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब नौ लाख रुपये अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रसारण व पंडाल पर खर्च किए जाएंगे। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जी लाल ने बताया कि नवरात्र मेले के पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here