दमोह। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बाद अब दमोह से भी जहरीली शराब पीने से तबीयत बिगड़ने का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र में एक साथ बैठकर शराब पीने के बाद तीन लोगों की अचानक तबियत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तीन लोगों की हालत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीमार पड़ने वाले व्यक्तियों की पहचान राजेंद्र सिंह, घनश्याम लोधी और लक्ष्मी नारायण के रूप में हुई है, जो सभी हिंडोरिया थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। परिजनों के मुताबिक, तीनों ने साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। इसके कुछ ही घंटों बाद उनके पेट में तेज दर्द, बेचैनी और लगातार उल्टियां शुरू हो गई, जिससे उनकी स्थिति तेजी से खराब होने लगी। परिवार के लोगों ने बिना देर किए उन्हें तुरंत हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जिला अस्पताल रेफर किए गए दो गंभीर मरीज
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो मरीजों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि तीसरे मरीज का इलाज अभी हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र में ही जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह शराब कहां से खरीदी गई थी और क्या यह जहरीली या अवैध शराब थी।
सागर की घटना के बाद खड़े हुए बड़े सवाल
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से 32 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और एक सैकड़ा से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए थे। उस बड़ी त्रासदी के बाद से राज्य सरकार और आबकारी विभाग लगातार एक्शन मोड में होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं का सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा दावों पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।


