पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम खरड़ी में रविवार शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में गीले कपड़े सुखाने के लिए डाले गए तार में करंट उतर आने की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे में 16 वर्षीय किशोर किशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता बेहोश हो गए और मां भी दूर जा गिरीं।
बारिश के बीच कपड़े सुखाते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पेंड्रा क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। ग्राम खरड़ी निवासी विकेश सिंह अपने खेत से काम करके घर लौटे थे और उनके कपड़े भीग चुके थे। घर पहुंचने पर उन्होंने आंगन में कपड़े सुखाने के लिए बंधे तार पर गीला कपड़ा डालने की कोशिश की। इसी दौरान तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से विकेश को जोरदार झटका लगा और वे अचेत होकर गिर पड़े।
बचाने गए माता-पिता और बेटा भी आए चपेट में
पति को आंगन में गिरा देख रहमत बाई उन्हें बचाने दौड़ीं। जैसे ही उन्होंने विकेश को पकड़ा, वे भी करंट की चपेट में आ गईं और तेज झटके से दूर जा गिरीं। यह सब देखकर उनका 16 वर्षीय बेटा किशन माता-पिता की मदद के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट प्रवाहित तार की जद में आ गया। करंट लगने से किशोर किशन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की मदद से हटाया गया तार, अस्पताल में हुआ इलाज
कुछ देर बाद रहमत बाई को होश आया। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के सहारे करंट प्रवाहित तार को हटाया गया और तीनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 16 वर्षीय किशन को मृत घोषित कर दिया।
इलाज के बाद विकेश सिंह को होश आ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक किशन के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं इस अचानक हुए हादसे से खरड़ी गांव और पीड़ित परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।


