इंदौर। जिले के सांवेर गांव में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एक जर्जर मकान की दीवार ढहने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अफसरों द्वारा इस वर्षों पुराने मकान को हटाने का नोटिस पहले ही दिया जा चुका था।
मजदूरों पर गिरी जर्जर दीवार
मकान मालिक ने सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी करते हुए जर्जर मकान को गिराने का काम मजदूरों को सौंपा था। तोड़फोड़ के दौरान एक भारी दीवार काम कर रही मजदूर महिलाओं पर आ गिरी। हादसे में पांच लोग मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से निकालकर लोगों को पहले सांवेर अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
SDRF की टीम ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही इंदौर से SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने भी तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया था। राहत दल ने मलबे से तीन शव बरामद किए। हालांकि ग्रामीणों ने एक बच्चे के दबे होने की आशंका जताई थी, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई बच्चा नहीं मिला।
घनी बस्ती में बना था खाली मकान
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि मकान मालिक इंदौर में रहता है और जर्जर स्थिति में होने के कारण घनी बसाहट में स्थित यह मकान खाली पड़ा था।


