तकनीकी गड़बड़ी : कहां मिला 1.95 करोड़ का लावारिस सोना
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रविवार शाम दुबई के लिए रवाना होने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-197) में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गड़बड़ी का आभास होते ही पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान को रनवे से वापस टैक्सीवे पर ला खड़ा किया।एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह विमान शाम 5:45 बजे दुबई के लिए उड़ान भरने वाला था। बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और 172 यात्री विमान में सवार थे। रनवे की ओर बढ़ते समय पायलट को तकनीकी समस्या महसूस हुई, जिसके बाद तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी गई। एटीसी की अनुमति के बाद विमान को सुरक्षित रूप से वापस लाया गया।
तकनीकी खामी दूर करने के लिए इंजीनियरों की टीम को लगाया गया। उड़ान में देरी के कारण यात्रियों में नाराज़गी भी देखी गई, हालांकि एयरलाइंस के अधिकारियों ने यात्रियों को स्थिति की जानकारी देकर समझाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया और रात 8:07 बजे विमान दुबई के लिए रवाना हुआ।
1.95 करोड़ रुपये का लावारिस सोना बरामद, सीमा शुल्क विभाग ने किया जब्त
इसी बीच लखनऊ एयरपोर्ट पर एक अन्य चौंकाने वाला मामला भी सामने आया। पांच फरवरी की रात सऊदी अरब के जेद्दा से लखनऊ पहुंची सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट (एसवी-892) में एयर इंडिया के सुरक्षा कर्मियों ने सीट के नीचे से लावारिस सोना बरामद किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 95 लाख 17 हजार रुपये आंकी गई है।
सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, रात करीब 12:50 बजे विमान की जांच के दौरान सीट के नीचे से दो पैकेट और एक छोटी पॉलीथिन मिली। जब इन्हें खोला गया तो इनमें 1267.600 ग्राम सोना पाया गया। मामले की सूचना तुरंत सीमा शुल्क विभाग को दी गई।
सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि सोना किस यात्री का था। किसी दावेदार के सामने न आने पर सोने को लावारिस घोषित कर जब्त कर लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सोना तस्करी से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल सीमा शुल्क विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


