उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग का पहला आधिकारिक थीम गीत और वीडियो एंथम 'खाकी का सितारा' आधिकारिक रूप से रिलीज कर दिया गया है। करीब साढ़े छह मिनट के इस शानदार वीडियो को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया है। इस भव्य एंथम के सामने आने के बाद बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और यूपी पुलिस के इस गीत की खुले दिल से प्रशंसा की है।
क्या कहा अमिताभ बच्चन ने?
दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक विशेष पोस्ट साझा किया है। उन्होंने यूपी पुलिस के हैंडल से शेयर किए गए इस एंथम को री-पोस्ट करते हुए इसे सलाम किया है। अमिताभ बच्चन ने अपने कैप्शन में बेहद खूबसूरत पंक्तियाँ लिखीं, "कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। खाकी का सितारा।"
अमिताभ बच्चन की आवाज और दिग्गजों का योगदान
इस एंथम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें देश के महानायक अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज, प्रख्यात गायक एवं संगीतकार पद्मश्री शंकर महादेवन का संगीत और स्वर, तथा जाने-माने कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शानदार शब्दों ने जान फूंक दी है। 'खाकी का सितारा' नामक इस आधिकारिक एंथम को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गत 14 अगस्त को राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में लॉन्च किया था।
जारी किए गए इस वीडियो में उत्तर प्रदेश पुलिस की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा राहत कार्यों और आम जनसेवा से जुड़ी तमाम भूमिकाओं को बेहद प्रभावी और मार्मिक ढंग से पर्दे पर उतारा गया है।
एक साल से अधिक समय में हुआ है फिल्मांकन
इस एंथम के भव्य लॉन्चिंग इवेंट में शंकर महादेवन, अभिनेता नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव, फिल्म और संगीत जगत के कई दिग्गज कलाकारों के साथ-साथ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिस बल के तमाम कर्मी मौजूद रहे। इस प्रोजेक्ट में अभिनेता करण आनंद भी एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट का कॉन्सेप्ट, सह-लेखन और रचनात्मक निर्देशन (क्रिएटिव डायरेक्शन) राहुल श्रीवास्तव (IPS, PRO, यूपी पुलिस) द्वारा किया गया है।
यह एंथम पूरी तरह से उत्तर प्रदेश पुलिस का अपना इन-हाउस क्रिएटिव प्रोडक्शन है, जिसे शूट करने में एक साल से भी अधिक का समय लगा है। इसकी शूटिंग की शुरुआत महाकुंभ के दौरान हुई थी और यह स्वतंत्रता दिवस तक जारी रही। इस वीडियो फुटेज में पुलिसकर्मियों को विभिन्न ऑपरेशनों और ड्यूटियों में दिखाया गया है, जिसमें महाकुंभ की व्यवस्थाएं, वीआईपी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, आधुनिक तकनीक का प्रयोग, आपदा प्रबंधन और रोजमर्रा की पुलिसिंग शामिल है।


