More
    Homeराज्ययूपीUP School Closed: भीषण गर्मी का असर, 23 मई तक बंद रहेंगे...

    UP School Closed: भीषण गर्मी का असर, 23 मई तक बंद रहेंगे 10वीं तक के स्कूल

    मेरठ/सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सूरज के तल्ख तेवरों और भीषण लू (हीटवेव) ने आम जनजीवन को पूरी तरह झुलसा कर रख दिया है। सुबह की शुरुआत होते ही आसमान से आग बरसने का अहसास होने लगता है। बुधवार को दोपहर होते-होते हालात इतने विकट हो गए कि प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर गया। मेरठ और सहारनपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। आगामी 25 मई से 'नौतपा' की शुरुआत होने जा रही है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका है।

    सहारनपुर में टूटा 12 साल का रिकॉर्ड, मेरठ भी बेहाल

    सहारनपुर जिले में भीषण गर्मी ने पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। बीते 12 सालों में 20 मई के दिन पारा कभी 42 डिग्री के पार नहीं गया था, लेकिन इस बार यह 44 डिग्री तक जा पहुंचा। इसके साथ ही मेरठ में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, आसपास के जिलों का हाल भी बेहाल रहा, जहां बागपत में 43 डिग्री, मुजफ्फरनगर व शामली में 42 डिग्री और बिजनौर में 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

    प्रशासन ने लिया फैसला, 23 मई तक स्कूलों में छुट्टी

    भीषण तपिश और नौनिहालों को हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाने के लिए मेरठ के जिलाधिकारी वीके सिंह ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने 21 से 23 मई तक प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 10वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी है। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल प्रबंधन इस आदेश का कड़ाई से पालन करें। इसके साथ ही पैरेंट्स से भी अपील की गई है कि वे इस भीषण गर्मी में बच्चों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने दें।

    25 मई से 'नौतपा' का अलर्ट, 29 मई से राहत की उम्मीद

    कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, साफ आसमान और पश्चिमी हवाओं के सीधे प्रभाव के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के कारण लू के थपेड़े और गंभीर रूप ले सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो सकता है, जिससे लोगों को इस जानलेवा गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।

    प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी: एक नजर आंकड़ों पर

    भीषण गर्मी के बीच हवा की गुणवत्ता (AQI) भी चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। मेरठ का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 263 दर्ज किया गया। इलाकों की बात करें तो एमआईईटी कॉलेज के पास यह सबसे खराब 354 रहा, जबकि जयभीम नगर में 256, पल्लवपुरम में 251 और गंगानगर में 190 रिकॉर्ड किया गया।

    पिछले 5 दिनों में ऐसे चढ़ा पारा (डिग्री सेल्सियस में):

    • 16 मई: 39.6°C

    • 17 मई: 41.3°C

    • 18 मई: 42.4°C

    • 19 मई: 43.6°C

    • 20 मई: 44.0°C

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here