More
    Homeराजस्थानजयपुरसरपंच चुनाव के नतीजों से पहले बवाल, मतगणना केंद्र पर भड़की हिंसा

    सरपंच चुनाव के नतीजों से पहले बवाल, मतगणना केंद्र पर भड़की हिंसा

    बांसवाड़ा। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतगणना और मतदान के समय कई जगहों पर भारी हिंसा और उपद्रव देखने को मिला। बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छोटी सरवा पंचायत समिति के बावड़ी निनामा गांव स्थित आदर्श मतदान केंद्र पर सोमवार देर रात करीब 12 बजे अचानक भारी हिंसा भड़क उठी। चौथे चरण के मतदान संपन्न होने के बाद जब वहां वोटों की गिनती चल रही थी, तभी दो पक्षों के बीच उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया और ग्रामीणों ने पुलिस व मतदान दलों पर पथराव शुरू कर दिया। इस खूनी संघर्ष और पथराव में लगभग पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर सामने आई है। उपद्रवी भीड़ ने उग्र रूप लेते हुए मतदान केंद्र पर लगे टेंट को फाड़कर उसमें आग लगा दी और जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी समेत कुल तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

    मतदान कर्मियों को कमरे में बंधक बनाने की नौबत

    हंगामे के दौरान उपद्रवियों ने पूरे मतदान केंद्र को चारों तरफ से घेर लिया, जिससे वहां मौजूद लोग और अधिकारी एक कमरे में फंस गए। हालात इतने बिगड़ गए कि मतदान कर्मियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से एक कमरे में अंदर बंद करना पड़ा। इस तनाव का असर आसपास के इलाकों पर भी पड़ा और पास की ही बावलियापाड़ा ग्राम पंचायत में भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने की आवश्यकता पड़ी। हिंसा और सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल चुनाव परिणामों की घोषणा को रोक दिया गया है।

    खैरथल-तिजारा और धौलपुर में भी झड़प और आगजनी

    बांसवाड़ा के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी चुनावी रंजिश और फर्जी मतदान के आरोप में जमकर बवाल हुआ। खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर की काली पहाड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद की कुर्सी दूसरे गांव में जाने की आशंका के चलते तनाव फैल गया। सबलगढ़ बनेठी, टेहड़का और काली पहाड़ी के ग्रामीण आमने-सामने आ गए और फर्जी वोटिंग के आरोप पर हुई मारपीट में चार ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें ततारपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं धौलपुर जिले की बसेड़ी उपखंड स्थित महु गुलावली पंचायत केंद्र पर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए और गुस्से में आकर एक पक्ष ने मतदान केंद्र से दूर खेतों के पास खड़ी बाइकों पर पेट्रोल डालकर उनमें आग लगा दी, जिससे दो बाइकें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सांचौर के गुंदाऊ और पुर में भी फर्जी मतदान के आरोपों पर जमकर हंगामा हुआ और दो गुट आपस में भिड़ गए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here