ढाका। भारत के पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता एक बार फिर हिंसक रूप ले चुकी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग द्वारा बुलाए गए ‘लॉकडाउन’ से ठीक पहले देश के कई हिस्सों में भारी उपद्रव और आगजनी शुरू हो गई है। राजधानी ढाका में देसी बमों के धमाकों से दहशत फैल गई है। वहीं, बीते दो दिनों के भीतर सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस से जुड़ी कई शाखाओं को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा, चटगांव के पांच लाइंस इलाके में स्थित उनके पैतृक आवास को भी अज्ञात हमलावरों द्वारा फूंक दिया गया।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
28 जिलों में बिगड़े हालात, आगजनी और हमलों में कई मौतें
बांग्लादेश के कुल 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिले इस समय गंभीर हिंसा की चपेट में हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उपद्रवियों ने अब तक दर्जनों देसी बमों से हमले किए हैं और कई वाहनों को आग लगा दी है। इन हिंसक झड़पों में चार लोगों के जख्मी होने की सूचना है। दूसरी ओर, पश्चिमी नराइल जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक जुलूस पर अवामी लीग समर्थकों के हमले में दो नेताओं की जान चली गई। इसके अतिरिक्त फरीदपुर और फिरोजपुर में हुई अलग-अलग घटनाओं में एक बीएनपी नेता तथा एक अन्य व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि हुई है।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बढ़ा तनाव और सख्त सुरक्षा
साल 2024 में हुए उग्र छात्र आंदोलन के बाद सत्ता गंवाकर भारत में शरण ले रहीं शेख हसीना ने बीते दो वर्षों से देश से बाहर रहने के बावजूद अब स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है। पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने मानवता के विरुद्ध अपराधों के मामले में उन्हें मृत्युदंड सुनाया था, जिसके विरोध में प्रतिबंधित अवामी लीग ने यह बंद बुलाया है। सजा सुनाए जाने के बाद भी हसीना द्वारा बांग्लादेश आने की घोषणा किए जाने से पूरे देश में तनाव चरम पर है। एहतियात के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री के गृह नगर गोपालगंज सहित कई संवेदनशील जिलों में अर्धसैनिक बल ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पिछले 24 घंटों में राजधानी ढाका से लगभग 565 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें हसीना सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री भी शामिल हैं।


