More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में बदला मौसम, 12 से 16 सितंबर तक कई हिस्सों में...

    राजस्थान में बदला मौसम, 12 से 16 सितंबर तक कई हिस्सों में बारिश के आसार

    जयपुर बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से राजस्थान में एक बार फिर मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई हिस्सों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की प्रबल संभावना है।

    इन संभागों में भारी बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग के अनुसार 13 से 14 सितंबर के दौरान कोटा और उदयपुर संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में भी 13 से 16 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और जबलपुर से गुजर रही है।

    तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर

    आज से भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। जयपुर में भी सुहावने मौसम के बीच30-40 किमी/घंटा की गति से अचानक तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

    तापमान में बढ़ोतरी और कृषि मौसम सलाह

    पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर थमने के कारण राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिलानी (झुंझुनूं) में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

    आगामी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम केंद्र ने किसानों और व्यापारियों के लिए विशेष कृषि मौसम सलाह जारी की है:

    • मंडियों में सुरक्षा: कृषि उपज मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखे अनाज और जिंसों को सुरक्षित स्थानों पर भंडारित किया जाए।

    • फसल सुरक्षा: खेतों में पककर तैयार फसलों को भीगने से बचाने के लिए उचित उपाय किए जाएं।

    • रसायन छिड़काव: फसलों में कीटनाशक और अन्य रसायनों का छिड़काव आगामी दिनों में बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही किया जाए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here