अलवर में अमन-चैन की मांगी दुआ, गले मिलकर लोगों ने दी ईद की मुबारकबाद
अलवर। शहर के नया बास स्थित ईदगाह में गुरुवार सुबह ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
सुबह से ही ईदगाह परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर मौलाना अमजद ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें जरूरतमंदों की मदद करने, गरीबों का ख्याल रखने और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने लोगों से देश की तरक्की और शांति के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।
ईद को लेकर पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नमाज के बाद अपने रिश्तेदारों और परिचितों से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


