सम्राट पृथ्वीराज चौहान प्रतियोगिता में युवाओं का जलवा, शूटिंग में बढ़ती रुचि दिखी
अजमेर। 12वीं सम्राट पृथ्वीराज चौहान ओपन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में युवा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन करणी स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर्स अकादमी द्वारा लोहागल रोड स्थित शूटिंग रेंज पर किया गया।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, सेंट्रल एकेडमी और मेजबान अकादमी के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कंवल प्रकाश किशनानी ने विजेताओं को पदक प्रदान करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला है। उन्होंने बताया कि राइफल शूटिंग का इतिहास प्राचीन काल से जुड़ा है और आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर अशोक गुप्ता ने कहा कि राइफल शूटिंग की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और युवा इसमें करियर बना रहे हैं।
प्रतियोगिता में रहे प्रमुख विजेता
आयोजन सचिव हिम्मत सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के आगरा से भी प्रतिभागियों ने भाग लिया।
10 मीटर एयर राइफल पीप साइट वरिष्ठ पुरुष वर्ग में तनिष सिवासिया प्रथम, करणी सिंह द्वितीय और सैयद ज़रार तृतीय रहे। वरिष्ठ महिला वर्ग में अभिलाषा प्रथम, भूमिका सिंह द्वितीय और सौम्य सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
10 मीटर एयर पिस्टल वरिष्ठ पुरुष वर्ग में सुमित चौधरी प्रथम, हर्षित कुमावत द्वितीय और लक्ष्य सिंह राठौड़ तृतीय रहे। यूथ और जूनियर वर्गों में भी विभिन्न प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और पदक हासिल किए।
इसके अलावा लिटिल चैंप, सब-यूथ, मास्टर और पत्रकार वर्गों में भी कई प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विनीत लोहिया सहित कई अधिकारियों और सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


