तरुण भारत संघ के राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में छात्रों ने जाना जल संरक्षण का समाज आधारित मॉडल
मिशनसच न्यूज, अलवर। अनंत राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, अहमदाबाद के 13 सदस्यीय दल का पांच दिवसीय शैक्षणिक शिविर (31 अक्टूबर से 5 नवंबर) तरुण भारत संघ, भीकमपुरा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दल ने तरुण भारत संघ द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार के कार्यों का गहन अध्ययन और अवलोकन किया।
पांच दिनों के अध्ययन शिविर में विद्यार्थियों ने जलपुरुष राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में तरुण आश्रम का भ्रमण किया और जल तीर्थ का निरीक्षण किया। इस दौरान राजेन्द्र सिंह ने समाज आधारित जल प्रबंधन, परंपरागत जल संरचनाओं के पुनर्जीवन और जल स्वावलंबन मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने मेवात और करौली क्षेत्रों का भी दौरा किया, जहाँ उन्होंने तरुण भारत संघ के जल संरक्षण प्रोजेक्ट्स को प्रत्यक्ष रूप से देखा। स्थानीय समुदायों से संवाद के दौरान छात्रों ने पारंपरिक जल स्रोतों के डिजाइन, निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया।
संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता गोपाल सिंह ने विद्यार्थियों को नक्शों के माध्यम से जल संरचनाओं की योजना बनाना सिखाया और क्षेत्रीय भूगोल व वर्षा आधारित डिजाइनिंग की व्यवहारिक जानकारी दी।
अनंत विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पुनीत कुमार और जूही ने तरुण भारत संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए अत्यंत शिक्षाप्रद रहा। उन्होंने कहा कि यह शिविर जल संरक्षण की वास्तविक चुनौतियों और समाधानों को समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
समापन सत्र में पारस प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों और प्राध्यापकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और आशा जताई कि यह अनुभव युवाओं को पर्यावरण और जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में अमन सिंह, लालाराम मीणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिशनसच नेटवर्क से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करें https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1


