अलवर में आपराधिक घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात, कानून व्यवस्था मजबूत रखने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने पर दिया जोर
अलवर। हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के पीड़ित परिवारों से सोमवार को राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सबसे पहले अलवर शहर के शालीमार नगर पहुंचकर डकैती पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों से ली कार्रवाई की जानकारी
मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से वन राज्यमंत्री ने पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें कठोर सजा दिलाई जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आमजन का पुलिस एवं प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।
घायल युवक से अस्पताल में मिलकर बढ़ाया हौसला
इसके बाद वन राज्यमंत्री हरीश हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने आपराधिक घटना में घायल प्रथम मुखीजा से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने घायल को बेहतर उपचार और त्वरित न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शहर और जिले में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए। साथ ही अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जाए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका रघुवंशी, पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पं. जलेसिंह, सतीश यादव तथा सोनू चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


