अलवर में गृहमंत्री अमित शाह की सभा से पहले पुलिस कार्रवाई, दीनबंधु छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन देने जा रहे थे; रास्ते में हिरासत में लिया
अलवर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलवर दौरे से पहले कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता दीनबंधु को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया गया कि वे छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर अपनी बात रखने के लिए विजयनगर मैदान की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार दीनबंधु अपनी गाड़ी से धोबी गट्टा रोड होते हुए विजयनगर मैदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मौके पर तैनात पुलिस का जाब्ता पहुंचा और उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने फोड़े गुब्बारे
बताया जा रहा है कि दीनबंधु के पास कुछ गुब्बारे थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने फोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान एक गुब्बारा उनके हाथ से निकलकर हवा में उड़ गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस वाहन में ले जाए जाते समय दीनबंधु ने कहा कि जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, वह उचित नहीं है। उनका कहना था कि वे छात्रों के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से मिलने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दे रहा है।
अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा कड़ी
अमित शाह के अलवर दौरे और विजयनगर मैदान में प्रस्तावित जनसभा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। सभा स्थल के आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ ही आने-जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध प्रदर्शन की तैयारियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। इससे पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी।
फिलहाल दीनबंधु को हिरासत में लिए जाने के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की कार्रवाई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच अमित शाह के अलवर दौरे से पहले शहर का राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


