सागर जलाशय क्षेत्र में स्वच्छता का संकल्प, ‘कचरा अलग करो’ का संदेश हुआ प्रबल
अलवर। शहर में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और साफ-सफाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम एवं अरावली ट्रेकर्स के संयुक्त तत्वावधान में विशेष श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत सागर जलाशय के आसपास स्थित ऐतिहासिक स्थलों, बावड़ियों और धार्मिक परिसरों में व्यापक सफाई कार्य किया गया।
अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत में शामिल करने और ‘कचरा अलग करो, शहर साफ रखो’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने बताया कि यह पहल नगर निगम अलवर और अरावली ट्रेकर्स की संयुक्त कोशिश है, जिसका उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक बावड़ी का स्वरूप साफ-सफाई के बाद निखरकर सामने आया, जो पहले कचरे से ढकी हुई थी।
उन्होंने आगे बताया कि संयुक्त प्रयासों से करीब 4 ट्रॉली और लगभग 50 कचरे के बैग भरकर क्षेत्र को साफ किया गया। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अरावली ट्रेकर्स के संस्थापक दीपक गलाव सहित नगर निगम की टीम, मैत्री क्लब, पंजाबी फुलकारी क्लब, खंडेलवाल महिला मंडल, एडीआई, लक्ष्मी मंदिर स्टूडियो, खंडेलवाल सेवा समिति, प्रीत फाउंडेशन और रोटरैक्ट क्लब के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


