अलवर : रक्तदान के संदेश से जागा मानवता का जज़्बा
अलवर। गांधी चिंतन परिषद द्वारा सेवा संकल्प दिवस के अवसर पर रोटरी चेरिटेबल ब्लड सेंटर में आयोजित सातवें वार्षिक रक्तदान शिविर में 61 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इनमें 5 महिला रक्तदाताओं की भागीदारी विशेष रूप से प्रेरणादायक रही। शिविर का माहौल सेवा, सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी के भाव से ओत-प्रोत नजर आया, जहां हर रक्तदाता एक जीवन बचाने के संकल्प के साथ उपस्थित हुआ।
परिषद के संस्थापक संयोजक मक्खन सिंह गुर्जर ने बताया कि ग्रीष्मकाल में अक्सर रक्त की कमी देखने को मिलती है, जिससे अस्पतालों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा हर वर्ष यह शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत 3 मई 2020 को कोविड-19 महामारी के दौरान पहले लॉकडाउन में की गई थी, जब पूरे देश में भय और अनिश्चितता का माहौल था। उस कठिन समय में भी परिषद ने मानवता को प्राथमिकता देते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया और तब से यह परंपरा लगातार जारी है। इस वर्ष आयोजित शिविर परिषद का सातवां सफल आयोजन रहा।

शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार राजेश रवि द्वारा किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे किसी के जीवन को बचाने से जुड़ा होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे आगे आएं और नियमित रूप से रक्तदान कर समाज में सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनें।
शिविर संयोजक ओमप्रकाश शर्मा एवं सह-संयोजक रतन राजौरा ने बताया कि रक्तदान से पूर्व सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण रोटरी ब्लड सेंटर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एल. मधुकर द्वारा किया गया। जांच के बाद जो व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ पाए गए, उन्हीं से रक्तदान करवाया गया, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप बनी रही। पूरे शिविर के दौरान चिकित्सकीय टीम की निगरानी में रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को परिषद की ओर से सम्मान पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें मौसमी अनानास रस पिलाकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में परिषद के आदर्श कुमार सक्सेना, राजीव कुमार शर्मा और नगेंद्र कुमार शर्मा का विशेष सहयोग रहा। उनकी सक्रिय भागीदारी और समर्पण ने इस शिविर को व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में परिषद संयोजक मक्खन सिंह गुर्जर एवं रोटरी ब्लड सेंटर की टेक्निकल सुपरवाइज़र कुमुद गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर समाज को यह संदेश दिया कि सेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे व्यवहार में भी उतारना चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश रवि, शोएब खान सहित चिकित्सक डॉ. एम.एल. मधुकर एवं कुमुद गुप्ता का गांधी टोपी और सूत माला पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी होता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। नियमित रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का निर्माण तेजी से होता है, जिससे रक्त संचार बेहतर रहता है। इससे हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है और शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


