केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव व संजय शर्मा की उपस्थिति में शपथ ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न
मिशनसच न्यूज, अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार अलवर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के शपथग्रहण कार्यक्रम में शिरकत कर नवीन कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव को अलवर चैम्बर की मानद सदस्यता प्रदान की गई, जबकि संजय शर्मा पहले से मानद सदस्य हैं।
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम जिले में उद्योग, पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सार्थक कार्य कर अलवर का नाम आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में उद्योगपतियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे व पनियाला हाईवे से अलवर में उद्योग विस्तार की अपार संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने रेलवे स्टेशन विकास, नवीन बस स्टैंड, सरस डेयरी के दुग्ध संयंत्र तथा आगामी अलवर टाइगर मैराथन जैसी योजनाओं को जिले के विकास की बड़ी सौगात बताया।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने नवीन कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में अलवर को विश्व मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बायोलॉजिकल पार्क, नगर वन, ग्रीन लंग्स वाटिका, मातृवन विकास, सरिस्का में बढ़ती बाघ संख्या, जल संरक्षण योजनाओं, एनीकट व जोहड़ निर्माण तथा शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अध्यक्ष निकुंज सांघी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजभूषण गुप्ता, अमित श्यामसुखा, मधुर अग्रवाल, मंजीत रॉय, हरिओम मित्तल, अनिल खेतान, राजेश गुप्ता, अशोक मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। मंच संचालन श्रीमती ऋतु राय ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


