More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न

    अलवर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न

    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा के आतिथ्य में समारोह में 24 प्रतिभाएं सम्मानित

    मिशनसच न्यूज, अलवर। पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में इंदिरा गांधी स्टेडियम अलवर में जिला स्तरीय 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। मंत्री शर्मा ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाली 24 प्रतिभाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया।

    अपने संबोधन में शर्मा ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर है।

    उन्होंने अलवर जिले में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक विकास योजनाओं की जानकारी दी। सिलीसेढ़ पेयजल योजना, बायोलॉजिकल पार्क, साइंस सेंटर, डिजिटल प्लेनेटेरियम, नया बस स्टैंड, नमो वन, नगर वन, ग्रीन लंग्स वाटिका, सरिस्का में बाघों की संख्या में वृद्धि जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।

    समारोह में शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ तथा विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति थीम पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

    मार्चपास्ट प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस पुरुष दल प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन गर्ल्स द्वितीय तथा राजस्थान पुलिस महिला दल तृतीय स्थान पर रहा। विभिन्न विभागों की 13 झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें नगर निगम की अतुल्य अलवर थीम पर आधारित झांकी प्रथम रही।

    समारोह में पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, एडीएम द्वितीय योगेश कुमार डागुर, एडीएम शहर श्रीमती बीना महावर, यूआईटी सचिव श्रीमती धीगदे स्नेहल नाना, डीएफओ अलवर राजेन्द्र हुड्डा, जिला परिषद की सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एसडीएम अलवर माधव भारद्वाज, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती शिवानी, आईपीएस कार्तिकेय वर्मा एवं जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, संजय नरूका, पं. जलेसिंह, सतीश यादव, जितेन्द्र राठौड, लक्ष्मीनारायण गुप्ता सहित समस्त प्रशासनिक व पुलिस अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

    समारोह के उपरांत वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सर्किट हाउस में वीरांगनाओं एवं मातृशक्ति के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here