सच यह है कि ऐसी उम्मीद ना कांग्रेस को थी ना भाजपा को, मतदाता ने बता दिया लोकतंत्र पैसे से नही हमसे चलता है
राजेश रवि, अलवर ।
विकास के दावे, डबल इंजन के भाषण और योजनाओं की लंबी सूची के बाद भी अलवर जिला परिषद की 39 में से सिर्फ 4 सीटें भाजपा की झोली में आईं। पंचायत समितियों का हाल भी इससे बहुत अलग नहीं है। यह हार नहीं, जनता की तरफ से भेजा गया लिखित संदेश है। सवाल सीधा है, क्या लोगों का सरकार से भरोसा उठने लगा है? या भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव को गंभीरता से लिया ही नहीं, जबकि कांग्रेस ने इसे जान लगाकर लड़ा?
नतीजों का सूरज जैसे-जैसे चढ़ता गया, मेरी कांग्रेस और भाजपा, दोनों के नेताओं से लगातार बात होती रही। दोनों की बातों में एक चीज़ समान थी: “ऐसी उम्मीद तो हमें भी नहीं थी।” कांग्रेस को दूर-दूर तक 33 सीटों का भरोसा नहीं था और भाजपा को अपनी ऐसी दुर्गति का अंदाज़ा नहीं था। यानी दोनों खुद को बराबरी का मान रहे थे। जिला प्रमुख बनाने के लिए पेटियां पैक करके तैयार बैठे थे कि कुछ भी लगे, कुर्सी तो लेनी ही है। लेकिन मतदाता ने गणित की सारी गुंजाइश ही खत्म कर दी।
अब सवाल भाजपा के सामने है। लोकतांत्रिक तरीके से देखें तो पार्टी के पास चुनाव लड़ाने की स्थिति भी नहीं बची। जीते हुए चार में से जिला प्रमुख की आरक्षित सीट के लिए केवल एक महिला है। प्रतीकात्मक मुकाबला भी करना हो तो प्रत्याशी वही होगी। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के लिए यह आत्ममंथन का क्षण है कि जिले में उसके पास सिर्फ एक ही उम्मीदवार बचा है। यह मंथन सिर्फ ज़िला कार्यालय का नहीं, प्रदेश और दिल्ली तक का विषय होना चाहिए।
मेरा व्यक्तिगत मानना है कि मात्र दस प्रतिशत सीटों के बावजूद अगर तोड़फोड़ और जोड़-तोड़ से जिला प्रमुख की कुर्सी हथियाने की कोशिश हुई, तो पार्टी को इसका खामियाजा भविष्य में भुगतना पड़ सकता है। ऐसा लगता है कि निकाय चुनावों की खरीद-फरोख्त को मतदाता अब समझ चुका है। उसने इस बार इसकी गुंजाइश ही नहीं छोड़ी। जो जनादेश इतना साफ हो, उसे पलटने की हर कोशिश जनता को सीधी चुनौती होगी।
सांसद के नाम चिट्ठी
दूर से चिट्ठी भेजते रहिए, पर कभी-कभी मतदाता के साथ बैठकर उसके मन की बात भी सुनिए। मनगढ़ंत किस्से सुनाने वालों से मिलते रहिए, पर यह भी पता कीजिए कि उनके पास जनता की ताकत है या सिर्फ़ बाज़ार में बनी हुई हवा। जो आपको जमीन की रिपोर्ट बताता है, उसकी अपनी जमीन कितनी है? और सबसे ज़रूरी बात पिछले कुछ सालों की फोटो को ही देख लीजिए उनमें कितने लोग ऐसे है जो पहले किसके साथ नजर आते थे। यह लोकतंत्र है, यहाँ सत्ता के साथ आदमी बदल जाते हैं।
कांग्रेस के नाम चिट्ठी
जनता ने आप पर भरोसा जताकर बहुमत दिया है तो उसकी इज़्ज़त कीजिए। यह सीटों का तोहफ़ा नहीं, ज़िम्मेदारी है। बाड़ाबंदी, खींचतान और कुर्सी की लड़ाई में उलझे तो वही जनता, जिसने आज सिर आँखों पर बिठाया है, दो साल बाद फिर से हिसाब लेगी। अभी दो साल बाद फिर चुनाव लड़ना है, और याद रखिए, यह मतदाता अब न भूलता है, न माफ़ करता है।
यह जनादेश दोनों दलों के लिए चेतावनी है: एक के लिए अहंकार की, दूसरे के लिए अति-आत्मविश्वास की।
लेखक – राजेश रवि , 25 साल दैनिक भास्कर में संपादक व अन्य पदों पर व 10साल जनसत्ता में रहे है। देश की अनेक पत्र पत्रिकाओं में भी लेखन करते है वर्तमान में मिशन सच के संपादक है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


