अलवर में अशोका फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से लगा रहा है शिविर
मिशनसच न्यूज, अलवर। अशोका फाउंडेशन द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 एवं 11 जनवरी को दो दिवसीय दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर गायत्री मंदिर के पास स्थित जैन वाटिका (नसिया जी), में आयोजित होगा।
फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सोनिया धीरज जैन ने बताया कि शिविर में पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार जयपुर फुट, जयपुर हैंड, श्रवण यंत्र, ट्राई-साइकिल, व्हीलचेयर, कैलीपर, बैसाखी, विजुअल स्टिक, वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरणों का पूर्णतः निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज जैन ने बताया कि अशोका फाउंडेशन का निरंतर प्रयास रहा है कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और आत्मसम्मान के साथ स्वावलंबी जीवन जी सकें। इसी उद्देश्य को लेकर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अलवर में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिससे सैकड़ों दिव्यांगजनों को सीधा लाभ मिलेगा।
शिविर में लाभ लेने की आवश्यक शर्तें
शिविर का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण-पत्र अनिवार्य रहेगा। शिविर में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना भी आवश्यक होगा।
गौरतलब है कि अशोका फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से प्रतिवर्ष जनवरी माह में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का सफल आयोजन करता आ रहा है। अब तक लगभग 3000 से अधिक दिव्यांग भाई-बहन इन शिविरों से लाभान्वित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त फाउंडेशन द्वारा ग्रीन इनिशिएटिव अभियान के अंतर्गत हजारों पौधों का रोपण भी किया जा चुका है।
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में फाउंडेशन की उपलब्धियाँ भी उल्लेखनीय हैं। विद्यालयों में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना, प्रत्येक माह नेत्र रोग जांच एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर (अब तक 129 शिविरों का आयोजन), तथा विभिन्न बीमारियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
यह शिविर न केवल दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने की नई दिशा भी प्रदान करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


