More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर नगर वन में 730 अर्जुन औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण...

    अलवर नगर वन में 730 अर्जुन औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश

    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा के ‘प्रतिदिन एक पेड़’ संकल्प के दो वर्ष पूर्ण होने पर भव्य पौधारोपण आयोजन

    मिशनसच न्यूज, अलवर ।  वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा के प्रतिदिन एक पेड़ लगाने के संकल्प के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को अलवर की कटी घाटी स्थित नगर वन में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंच गौरव योजना के तहत ‘एक जिला-एक वृक्ष’ अभियान के अंतर्गत अलवर जिले के लिए चयनित अर्जुन वृक्ष के 730 औषधीय पौधे एक साथ लगाए गए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य जागरूकता और हरियालो राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने का सशक्त संदेश दिया गया।

    कार्यक्रम के दौरान अर्जुन वृक्ष से बने औषधीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अर्जुन उत्पादों की किट भेंट की गई। पौधारोपण कार्यक्रम में आमजन के साथ-साथ आईटीबीपी के जवानों और वन विभाग के कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी रही। शुभ अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने मांगलिक गीत गाकर नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और सांस्कृतिक रंग में रंग गया। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा भी इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत नजर आए।

    प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प

    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि दो वर्ष पूर्व आज के ही दिन वन विभाग का कार्यभार संभालने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान से प्रेरित होकर प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया गया था, जो निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 5 जून 2024 को प्रारंभ किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान आज देशभर में जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में “हरियालो राजस्थान” अभियान के अंतर्गत प्रदेश में पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत गत वर्ष साढ़े सात करोड़ तथा इस वर्ष लगभग 12 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनकी सर्वाइवल दर लगभग 80 प्रतिशत है। जिस ऊर्जा और विश्वास के साथ प्रदेश में पौधारोपण किया जा रहा है, उससे आने वाले समय में राजस्थान, जो कभी रेगिस्तान की पहचान रखता था, “हरियालो राजस्थान” के रूप में जाना जाएगा।

    अलवर को मिली पर्यावरणीय सौगातें, बायोलॉजिकल पार्क बनेगा एनसीआर का सबसे बड़ा केंद्र

    वन राज्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अलवर सांसद व केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के सकारात्मक प्रयासों से अलवर को बीते दो वर्षों में कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। शहर में मातृ वन, गुरु नानक लंग्स वाटिका मूंगस्का, नगर वन तथा प्रस्तावित बायोलॉजिकल पार्क जैसी परियोजनाएं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।उन्होंने बताया कि अलवर में बनने वाला बायोलॉजिकल पार्क एनसीआर क्षेत्र का सबसे बड़ा पार्क होगा, जिसमें देश-विदेश से सात प्रजातियों के बाघ, अफ्रीकी जिराफ, लॉयन सहित लगभग 420 प्रकार के पशु-पक्षी रखे जाएंगे। साथ ही यहां विश्वस्तरीय पशु चिकित्सालय भी बनाया जाएगा।

    जल संरक्षण की दिशा में भी चार प्रमुख स्थानों  अखैपुरा, प्रतापबंध, भूरासिद्ध और भाखेड़ा  में बड़े एनीकट बनाए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सरिस्का अभयारण्य आज 50 बाघों से गुलजार है। जीनपूल की समस्या को दूर करने के लिए मध्यप्रदेश से बाघिन लाई गई है और आगे भी प्रयास जारी हैं।

    वन विभाग और आमजन में नई ऊर्जा का संचार

    सीसीएफ जयपुर  रामकरण खैरवा ने कहा कि वन राज्यमंत्री संजय शर्मा की प्रतिदिन एक पौधा लगाने की भीष्म प्रतिज्ञा ने वन विभाग और आम नागरिकों में नई ऊर्जा का संचार किया है। यह संकल्प पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल है। डीएफओ अलवर राजेन्द्र हुड्डा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि भूरासिद्ध में 10 पौधों से शुरू हुई पहल के तहत अब तक अलवर शहर में 9 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं एनसीआर क्षेत्र में एक करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य भी पूर्ण किया जा चुका है।

    सीसीएफ सरिस्का संग्राम सिंह कटिहार ने आगंतुकों का आभार जताते हुए कहा कि केंद्रीय वन मंत्री और राज्य वन मंत्री के मार्गदर्शन में सरिस्का अभयारण्य नई ऊंचाइयों को छू रहा है। टाइगर संख्या वृद्धि के साथ-साथ संरक्षण के हर क्षेत्र में सकारात्मक कार्य हो रहे हैं।

    विशिष्ट जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित

    कार्यक्रम में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, आईटीबीपी कमांडेंट सुल्तान सिंह, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, संजय नरूका, सतीश यादव, महेश निहालवानी, जितेन्द्र राठौड़, जितेन्द्र सैनी, पं. जलेसिंह, दिनेश गुप्ता, राजेन्द्र कसाणा, रोहिताश घांघल, धीरज जैन, श्रीमती सुमन चौधरी, श्रीमती संध्या मीणा, नरेश गोयल, प्रकाश अडिचवाल, डॉ. के.के. शर्मा सहित अनेक प्रबुद्धजन, अधिकारी, वनकर्मी, आईटीबीपी जवान और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here