More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में एडवाइजरी को लेकर अलर्ट: हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन...

    अलवर में एडवाइजरी को लेकर अलर्ट: हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन ने जारी किए निर्देश

    लू-तापघात को लेकर एडवाइजरी जारी, आमजन और श्रमिकों के लिए बताए बचाव के उपाय

    अलवर। जिले में संभावित हीटवेव और लू-तापघात के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी इस एडवाइजरी का उद्देश्य लोगों को गर्मी के प्रभाव से बचाना और जनहानि को रोकना है।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि हीटवेव की स्थिति के प्रभावी शमन और प्रबंधन के लिए आमजन को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे लू-तापघात के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

    जिला प्रशासन ने आमजन को सलाह दी है कि वे मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टीवी, समाचार पत्र और मोबाइल ऐप का उपयोग करें। गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।

    लोगों को हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, बाहर निकलते समय सिर ढकने, छतरी या टोपी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। आंखों की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा और त्वचा की सुरक्षा के लिए सनस्क्रीन लगाने की भी सलाह दी गई है।

    एडवाइजरी में नियोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यस्थल पर ठंडे पेयजल, छाया, विश्राम स्थल और प्राथमिक चिकित्सा किट की व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रमिकों को सीधे धूप से बचाने और भारी कार्य सुबह या शाम के समय करने की सलाह दी गई है।

    प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बंद वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को कभी अकेला न छोड़ें। गर्मी से बचने के लिए ठंडे पानी से स्नान करें और पंखों व गीले कपड़ों का उपयोग करें। साथ ही जल संरक्षण, पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया है।

    यदि किसी व्यक्ति को लू लगने के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत उसे ठंडी जगह पर लिटाएं और सिर पर गीला कपड़ा रखें। उसे ओआरएस, नींबू पानी या अन्य तरल पदार्थ पिलाएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत ले जाएं।

    पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने मवेशियों को छाया में रखें, पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं और तेज गर्मी के समय उनसे काम न लें। शेड को ठंडा रखने के लिए विशेष उपाय अपनाने को कहा गया है।

    दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, भारी कार्य न करें और शराब, चाय, कॉफी जैसे पेय पदार्थों से दूरी बनाएं। इसके अलावा बच्चों और पालतू जानवरों को वाहनों में न छोड़ने की भी सख्त हिदायत दी गई है।

    जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इन निर्देशों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों को भी हीटवेव से बचाने में सहयोग करें।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here