तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण में प्रथम चरण की बारीकियों पर फोकस, डिजिटल उपकरणों का भी दिया जाएगा ज्ञान
अलवर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफल और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलवर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच के लिए तीन दिवसीय सघन जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को जिला परिषद सभागार में हुई, जो 17 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं।
उप जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रीति यादव ने बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मकानों की सूची तैयार करने, गणना प्रपत्रों को सही तरीके से भरने तथा तकनीकी एवं डिजिटल उपकरणों जैसे मोबाइल एप और पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है, ताकि गणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसे दक्ष फील्ड ट्रेनर्स तैयार करना है, जो आगे ब्लॉक स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण अभियान को शत-प्रतिशत सटीकता के साथ पूरा करने में मदद मिलेगी।
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे बैच का तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण 20 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक जिला परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

