उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पीछे से आए ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
अलवर। अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। हादसा लोहिया का तिबारा के पास उस समय हुआ जब पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार रूपवास निवासी मुकेश जांगिड़ अपने साले सुनील जांगिड़ के साथ बाइक पर सवार होकर बहाला टोल टैक्स की ओर से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10:15 बजे लोहिया का तिबारा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मुकेश और सुनील नेटवर्किंग का कार्य करते थे और काम खत्म कर वापस घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

