मीनापुरा गांव के पास आवंटित भूमि का पट्टा जेल अधीक्षक शिवेंद्र को सौंपा, 16 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा सेतु शिविर
अलवर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चलाए जा रहे सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत नगर विकास न्यास में आयोजित शिविर में मीनापुरा गांव के पास नई जेल निर्माण के लिए आवंटित भूमि का पट्टा जारी किया गया। नगर विकास न्यास की ओर से जारी पट्टा जेल अधीक्षक शिवेंद्र को सौंपा गया।
नगर विकास न्यास के उप सचिव जितेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि नई जेल के निर्माण के लिए न्यास की ओर से जेल विभाग को मीनापुरा गांव के पास भूमि आवंटित की गई थी। भूमि आवंटन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में गुरुवार को भूमि का पट्टा जारी किया गया।
नई जेल निर्माण के लिए पूरी की गई प्रक्रिया
उप सचिव ने बताया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पट्टा जारी होने से नई जेल निर्माण से संबंधित आगे की कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पट्टा जेल अधीक्षक शिवेंद्र को सौंपा गया।
सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना और उनसे संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत पहुंचाना है।
16 अक्टूबर तक चलेगा सेवा सेतु अभियान
जितेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत 16 अक्टूबर तक नगर विकास न्यास के नीलामी हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविरों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करें और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही छूट एवं शिथिलताओं का जागरूकता के साथ लाभ उठाएं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


