आयकर कानून की जानकारी, करदाताओं को बताए नए प्रावधान और बदलाव
अलवर। आयकर विभाग टीडीएस एवं इंटेलिजेंस एंड क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन, अलवर की ओर से सोमवार को मोती डूंगरी स्थित आयकर कार्यालय में नए आयकर अधिनियम 2025 को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए आयकर कानून की जानकारी आम करदाताओं, व्यापारिक संगठनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं एडवोकेट्स तक पहुंचाना रहा।
सेमिनार में जॉइंट कमिश्नर धर्म सिंह मीणा ने नए आयकर अधिनियम 2025 के विभिन्न प्रावधानों, नियमों एवं बदलावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, जिससे करदाताओं को सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान टैक्स से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई तथा उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर आयकर अधिकारी संजय शर्मा, अनिल जैन, अनिल कुमार शर्मा एवं अभिनव गुप्ता ने नए कानून के व्यवहारिक पहलुओं और प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला।
अधिकारियों ने टीडीएस, इंटेलिजेंस एंड क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन तथा कर निर्धारण से संबंधित प्रावधानों में हुए बदलावों की जानकारी देते हुए समय पर अनुपालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, एडवोकेट्स, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों सहित करीब 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


