पीएमओ नियुक्ति विवाद को लेकर सैनी समाज नाराज, सरकार पर भेदभाव के आरोप
अलवर। जिला अस्पताल के पीएमओ पद पर हुए बदलाव को लेकर सैनी समाज में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। समाज के लोगों ने इस फैसले को जातिवाद से प्रेरित बताते हुए सरकार और स्थानीय मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को पीएमओ डॉ. सुनील चौहान के सेवानिवृत्त होने के बाद 1 अप्रैल से राज्य सरकार ने डॉ. पी.सी. सैनी को पीएमओ पद पर नियुक्त किया था। समाज का कहना है कि यह पहली बार था जब उनके समाज का कोई व्यक्ति इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचा था।
लेकिन महज कुछ दिनों बाद 7 अप्रैल को सरकार ने आदेश बदलते हुए डॉ. प्रवीण शर्मा को पीएमओ नियुक्त कर दिया। इस फैसले के बाद सैनी समाज में आक्रोश और बढ़ गया है।
सैनी समाज के अध्यक्ष रमेश चंद सैनी ने आरोप लगाया कि संजय शर्मा ने उनके समाज के साथ भेदभाव किया है और अपनी ही जाति के व्यक्ति को पद पर नियुक्त कर दिया।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पहले से ही डॉ. प्रवीण शर्मा को नियुक्त करना था, तो उनके समाज के व्यक्ति को यह पद क्यों दिया गया। उन्होंने इसे सीधे तौर पर जातिवाद करार दिया। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि इस फैसले का असर आगामी पंचायतीराज और नगरीय निकाय चुनावों में देखने को मिलेगा।
समाज ने यह भी कहा कि वे इस मामले को लेकर भूपेंद्र यादव से भी संपर्क करेंगे और इसके बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो विरोध को और तेज किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


