जल संरक्षण और फूड स्ट्रीट कार्यों पर निरीक्षण, कलेक्टर ने गुणवत्ता पर दिया जोर
अलवर। विकास कार्यों की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को नगर निगम टीम के साथ विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत भूरा सिद्ध, भाखेड़ा और जरखा क्षेत्र में बन रहे एनीकट निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने अलवर नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि वर्षा ऋतु में जल संचयन और भूजल स्तर में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
साथ ही उन्होंने शहर में आवश्यक स्थानों की पहचान कर अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं विकसित करने और आमजन को रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने श्री अग्रसेन सर्किल के पास विकसित की जा रही फूड स्ट्रीट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉल आवंटियों से शीघ्र संचालन शुरू कराया जाए।
उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए और डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग कराया जाए।
कलेक्टर ने एनकेप फंड के तहत किए जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स, सड़क निर्माण और पौधरोपण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि इन कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही चिन्हित स्थानों पर हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए समयबद्ध पौधरोपण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


