अलवर घटना से सनसनी: वन चौकी में आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
अलवर। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित सिलीसेढ़ तिराहे पर उमरेण रेंज की वन चौकी में मंगलवार सुबह एक वनपाल का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अखिलेश डूडी (45) के रूप में हुई है, जो सरिस्का बफर जोन में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह चौकी पर पहुंचे एक कर्मचारी को मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। शक होने पर वह पीछे के रास्ते से अंदर पहुंचा, जहां कमरे में वनपाल फंदे से लटके हुए मिले। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और पुलिस को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से शराब के पव्वे भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि मृतक पिछले करीब आठ वर्षों से इसी चौकी पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


