शहीद स्मारक पर सम्मान समारोह, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का हुआ सम्मान
अलवर। शहर स्थित शहीद स्मारक पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 31 पूर्व सैनिकों और 6 वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सभी वीरों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वन मंत्री शर्मा ने कहा कि 23 मार्च का दिन देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि इन वीरों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक एवं शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


