राजकिसान पोर्टल पर आवेदन शुरू, अनुदान से सिंचाई सुविधा को मिलेगा विस्तार
अलवर। राष्ट्रीय कृषि विभाग एवं कृषक कल्याण कोष योजना के अंतर्गत कच्चे फार्म पौण्ड एवं प्लास्टिक लाइनिंग फार्म निर्माण के लिए किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए किसान राजकिसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीना ने बताया कि वर्ष 2025-26 में 20×20×30 (1200 घनमीटर) कच्चे फार्म पौण्ड निर्माण पर लघु एवं सीमान्त किसानों को लागत का 70 प्रतिशत या अधिकतम 73,500 रुपये (जो भी कम हो) अनुदान दिया जाएगा। वहीं अन्य किसानों को 60 प्रतिशत या अधिकतम 63,000 रुपये तक अनुदान मिलेगा।
इसी प्रकार प्लास्टिक लाइनिंग फार्म पौण्ड निर्माण पर लघु एवं सीमान्त किसानों को लागत का 90 प्रतिशत या अधिकतम 1,35,000 रुपये तथा अन्य किसानों को 80 प्रतिशत या अधिकतम 1,20,000 रुपये तक अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और पत्रावलियों का निस्तारण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।
जिले को वर्ष 2025-26 में 270 फार्म पौण्ड निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध 339 प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। अब तक 124 किसानों द्वारा फार्म पौण्ड का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
संयुक्त निदेशक ने किसानों से अपील की है कि जिन कृषकों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, वे 31 मार्च 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लें, ताकि उन्हें अनुदान का लाभ मिल सके। निर्धारित समय सीमा तक कार्य पूरा नहीं होने पर अनुदान का लाभ नहीं दिया जा सकेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

