सफाई कर्मचारियों का 329 पदों पर नियुक्ति को लेकर बढ़ा आक्रोश, नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से नाराजगी
अलवर। सफाई कर्मचारी और वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंगलवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने 2012 से लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती में 329 पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि 2 फरवरी को समाज के लोग मंत्री के आवास पर पहुंचे थे, जहां मंत्री ने नगर निगम आयुक्त को मौके पर बुलाकर 14 दिनों में नियुक्ति देने का आश्वासन दिया था।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, आश्वासन मिलने के बाद वे शांतिपूर्वक लौट गए थे, लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि 2012 की भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 329 अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने यह भी कहा कि करीब डेढ़ महीने पहले नियुक्ति के आदेश जारी हो चुके हैं, इसके बावजूद निगम द्वारा अब तक जॉइनिंग लेटर जारी नहीं किए गए हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


