कहानी रचना पर राष्ट्रीय कार्यशाला में होंगे वैचारिक और कलात्मक सत्र, 60 से अधिक लेखक-चिंतक लेंगे हिस्सा
अलवर। जनवादी लेखक संघ अलवर के तत्वावधान में आगामी 6 एवं 7 सितंबर 2026 को अलवर में कहानी रचना पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में कहानी लेखन के विभिन्न कलात्मक और वैचारिक पक्षों पर केंद्रित सत्र आयोजित होंगे। चर्चाओं, संवाद और लेखन अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागी कहानी रचना की प्रक्रिया को समझने और उसे बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।
देशभर से 60 से अधिक लेखक-चिंतक होंगे शामिल
जनवादी लेखक संघ अलवर के अध्यक्ष नीलाभ पंडित ने बताया कि कार्यशाला में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित देश के विभिन्न प्रांतों से 60 से अधिक लेखक और चिंतक सहभागिता करेंगे। दो दिवसीय आयोजन में कहानी लेखन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों के साथ संवाद किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में दिग्गज साहित्यकार रखेंगे विचार
जलेस अलवर के अध्यक्ष नीलाभ पंडित ने बताया कि कार्यशाला के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता जनवादी लेखक संघ राजस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष सूरज पालीवाल करेंगे। प्रसिद्ध साहित्यकार जीवन सिंह मानवी स्वागत वक्तव्य देंगे।
उद्घाटन भाषण जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंचल चौहान और राष्ट्रीय महासचिव नलिन रंजन सिंह द्वारा दिया जाएगा।
मेरी रचना प्रक्रिया और संरचना के सवाल पर चर्चा
जलेस अलवर के सचिव एवं कार्यशाला के स्थानीय संयोजक भरत मीना ने बताया कि कार्यशाला में मेरी रचना प्रक्रिया’ और संरचना के सवाल’ विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में जवरीमल पारख, संजीव कुमार, मनोज कुलकर्णी, सगीर अफराहीम, समीना खान, गजेंद्र रावत, बजरंग तिवारी, राजा राम भादू, शम्भूशरण सत्यार्थी और कुमार विनीताभ विषय विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे।
लेखन अभ्यास में छात्र-युवा भी होंगे सहभागी
कार्यशाला के अभ्यास सत्र में रेखा अवस्थी, हीरा लाल नागर, प्रेम तिवारी, मशकूर आलम, शालू शुक्ल, ज्योति नंदा, राजीव प्रकाश साहिर और अलख देव प्रसाद अचल छात्र-युवा प्रतिभागियों के साथ समूह चर्चा करेंगे।
इन सत्रों का उद्देश्य प्रतिभागियों को कहानी लेखन की व्यावहारिक प्रक्रिया से जोड़ना और रचना के विभिन्न पक्षों पर सामूहिक विमर्श का अवसर उपलब्ध कराना है।
विभिन्न सत्रों का होगा संचालन
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों का संचालन योगमाया सैनी, राघवेंद्र रावत, देशराज वर्मा, संदीप मील और भरत मीना करेंगे। दो दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में साहित्य, रचना प्रक्रिया और कहानी के स्वरूप से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
मोती डूंगरी स्थित भवन में होगा आयोजन
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन अलवर के मोती डूंगरी स्थित पुलिस अन्वेषण भवन के समारोह स्थल पर किया जाएगा। आयोजन को लेकर जनवादी लेखक संघ अलवर की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
कार्यशाला के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लेखक, चिंतक, छात्र और युवा प्रतिभागियों को कहानी रचना के विविध पक्षों पर संवाद और अभ्यास का साझा मंच मिलेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

