More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर निगम की सख्ती, आयुक्त ने 24...

    अलवर शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर निगम की सख्ती, आयुक्त ने 24 वार्डों का किया निरीक्षण

    स्वच्छता कार्यों के साथ नालों-नालियों की सफाई, फॉगिंग और सड़क-स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती पर जोर; खुले गड्ढों का भी कराया भराव

    अलवर। जिला कलक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में नगर निगम की ओर से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नागरिक सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को जोन-2 के अंतर्गत आने वाले 24 वार्डों में स्वच्छता एवं जनसुविधा संबंधी विभिन्न कार्य करवाए गए।

    नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकान्त कटारा ने शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

    24 वार्डों में चला सफाई अभियान

    आयुक्त ने बताया कि जोन-2 के अंतर्गत वार्ड संख्या 17 से 38 तथा वार्ड 48 और 49 में निगम की टीमों द्वारा क्षेत्रवार स्वच्छता एवं जनसुविधा से जुड़े कार्य करवाए गए।

    वर्षाकाल को देखते हुए नालों एवं नालियों की सफाई को प्राथमिकता दी गई, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। इसके साथ ही पार्कों, सार्वजनिक स्थानों, नालों-नालियों और चिन्हित कचरा स्थलों की सफाई करवाई गई।

    फॉगिंग से लेकर सड़क मरम्मत तक काम

    मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विभिन्न वार्डों में फॉगिंग भी करवाई गई। निगम की टीमों ने स्वच्छता कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी कार्रवाई की।

    इसके तहत खुले गड्ढों एवं सड़कों पर बने गड्ढों का भराव कराया गया। खुले नालों एवं सीवर पर आवश्यक कवर लगाए गए तथा खराब एवं बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य किया गया।

    इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई भी की गई।

    अधिकारियों को संसाधन और समन्वय के निर्देश

    नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकान्त कटारा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यकता के अनुसार संसाधनों और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

    उन्होंने संबंधित शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा चिन्हित समस्याओं का समय पर समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    आमजन से भी सहयोग की अपील

    नगर निगम की ओर से आमजन से अपील की गई कि सार्वजनिक स्थानों और खुले क्षेत्रों में कचरा नहीं डालें। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों से निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

    निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, निरीक्षण अधिकारी, जमादार एवं सफाई कार्मिक मौके पर मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here