More
    Homeराजस्थानअलवरआरएएस (मुख्य) परीक्षा 2024: एडमिट कार्ड जारी, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों...

    आरएएस (मुख्य) परीक्षा 2024: एडमिट कार्ड जारी, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने किए डाउनलोड

    अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आरएएस (मुख्य) परीक्षा 2024 के एडमिट कार्ड शनिवार को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए। कार्ड अपलोड होते ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उन्हें डाउनलोड कर लिया। अब तक 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं।

    मुख्य परीक्षा का आयोजन आयोग द्वारा आगामी 17 और 18 जून 2025 को किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी—प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक। परीक्षा के लिए अजमेर में 29 और जयपुर में 48, कुल 77 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। आयोग के अनुसार इस परीक्षा हेतु 21,440 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

    पूर्व घोषणा से तैयारी में मिला लाभ

    गौरतलब है कि आयोग ने 31 दिसंबर 2024 को ही आरएएस (मुख्य) परीक्षा की प्रस्तावित तिथि घोषित कर दी थी। इससे अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिला। उल्लेखनीय है कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा 2 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी और आयोग ने मात्र 18 दिनों में, यानी 20 फरवरी 2025 को परिणाम घोषित कर दिया था।

    समयबद्धता के लिए आयोग की सराहना

    आयोग द्वारा परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर संदेश जारी किया गया, जिस पर परीक्षार्थियों ने आयोग की समयबद्धता और पारदर्शिता की सराहना की। कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा:

    • समयबद्धता अब सिर्फ एक लक्ष्य नहीं, व्यवस्था का हिस्सा बन चुकी है।

    • यह निर्णय दर्शाता है कि अब सिस्टम युवाओं की जरूरतों को प्राथमिकता देना सीख चुका है।

    • अब छात्रों को अनिश्चितता में जीने की आवश्यकता नहीं।

    • यह सिर्फ परीक्षा नहीं, भविष्य की ओर बढ़ाया गया भरोसेमंद कदम है।

    यूपीएससी जैसी प्रणाली की उम्मीद

    राजस्थान में लंबे समय से अभ्यर्थी यह अपेक्षा करते रहे हैं कि भर्ती परीक्षाएं संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तर्ज पर तय समयसारिणी के अनुसार आयोजित हों। आरपीएससी द्वारा इस दिशा में उठाया गया यह कदम युवाओं के विश्वास को और भी मजबूत करता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here