सड़क किनारे बैठे पैंथर का वीडियो वायरल, वन विभाग ने बढ़ाई सतर्कता
अलवर। जिले में जयपुर रोड स्थित उमरैण के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक पैंथर दिखाई दिया। घटना देर शाम की बताई जा रही है, जब एक कार चालक जयपुर रोड से गुजर रहा था और उसकी नजर अचानक सड़क किनारे बैठे पैंथर पर पड़ी।
चालक ने हिम्मत दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पैंथर सड़क किनारे शांत मुद्रा में बैठा नजर आ रहा है और आसपास के माहौल पर नजर रखे हुए है।
गनीमत रही कि उस समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को अलर्ट कर दिया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है, लेकिन इस तरह सड़क किनारे पैंथर का दिखना चिंता का विषय है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और विशेषकर रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


