पुलिस ने चोरी की एटीएम मशीन, ट्रैक्टर और बाइक की बरामद, कई राज्यों में वारदातें कबूलीं
अलवर। उद्योग नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई में एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एटीएम मशीन, वारदात में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि 17 जून की रात राठी मार्केट स्थित एक एटीएम मशीन को अज्ञात बदमाश उखाड़कर अपने साथ ले गए थे। एटीएम में करीब 4 लाख 92 हजार 500 रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद उद्योग नगर थाने में मामला दर्ज कर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस टीम ने राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हम्बीर सिंह जाट निवासी जिला डीग तथा कमलेश कुमार मीणा निवासी टहला, जिला अलवर के रूप में हुई है।
कई राज्यों में वारदातें कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित आगरा, पलवल और हिसार क्षेत्रों में एटीएम चोरी और ट्रैक्टर चोरी की कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है।
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


