5 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म मामले में विशेष टीमें सक्रिय, आईजी बोले– जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
अलवर। जिले के टहला थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस जांच तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश गुरुवार को अलवर पहुंचे और टहला थाना क्षेत्र में घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की।
आईजी ने मौके पर पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा जांच को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और जांच की दिशा पर चर्चा की।
विशेष टीमों का गठन, संदिग्धों से पूछताछ जारी
मीडिया से बातचीत में आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक फोटो और फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
आईजी ने विश्वास जताया कि पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
खैरथल और भिवाड़ी में भी करेंगे समीक्षा
अलवर दौरे के बाद आईजी राहुल प्रकाश खैरथल और भिवाड़ी का भी दौरा करेंगे। वहां वे साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों की समीक्षा और जांच की प्रगति को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा कि डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में पुलिस को आधुनिक तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग करते हुए सतर्क और सक्रिय रहना होगा। प्रदेशभर में साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


