साइबर सिक्योरिटी है आज की सबसे बड़ी आवश्यकता
मिशनसच न्यूज, खैरथल। राजकीय महाविद्यालय खैरथल में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन साइबर सिक्योरिटी एवं रोड सेफ्टी थीम पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिन की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा लक्ष्य गीत के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात अंजली व मुस्कान के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने योग एवं जुंबा अभ्यास किया।
शिविर के अंतर्गत डॉ. दीपक कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए महाविद्यालय परिसर एवं खेल मैदान की साफ-सफाई की। इसके बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में पुलिस विभाग की टीम के पुष्पेंद्र सिंह, कोयल एवं दीपिका ने विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी एवं रोड सेफ्टी के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी व साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में बताया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी साक्षी जैन ने किया।
सांस्कृतिक सत्र में मुस्कान, कृष, साक्षी, नेहा, लक्ष्मी, कंचन, दिव्या, हीना एवं रिया ने साइबर सिक्योरिटी विषय पर कविताएं एवं भाषण प्रस्तुत किए, वहीं नेहा एवं खुशी ने लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में डॉ. सरस्वती मीणा, राजवीर मीणा, मीठालाल रैगर, विक्रम सिंह, आशीष शर्मा, सौम्या बारेठ एवं प्रभुदयाल सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


