खेत में कटाई के दौरान हादसा, 63 वर्षीय महिला का हाथ कटा; हालत नाजुक
कठूमर। अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के दयालपुरा गांव में गेहूं की कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में काम कर रही 63 वर्षीय महिला गुड्डी देवी का हाथ कटाई मशीन में फंसकर कट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब गुड्डी देवी खेत में मशीन से गेहूं की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका हाथ मशीन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से कट गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन महिला को गंभीर हालत में अलवर के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जयपुर में जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल महिला के परिजन मुकेश सैनी ने बताया कि हादसा अचानक हुआ, जिससे परिवार में शोक जैसा माहौल है। उन्होंने प्रशासन और कृषि विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि खेतों में उपयोग होने वाली मशीनों के संचालन के दौरान सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


