तिरंगा ध्वजों से सजा क्षेत्र, कठूमर से ब्रह्मपुरा तक ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ निकलेगी भव्य सम्मान रैली
कठूमर। उपखंड क्षेत्र के ब्रह्मपुरा (तसई) गांव निवासी चिराग शर्मा पुत्र सुनील शर्मा (बबली) भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचेंगे। इस अवसर को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव और गौरव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा के अभिनंदन के लिए कस्बे और आसपास के क्षेत्र को तिरंगा ध्वजों से सजाया गया है। वहीं कठूमर से ब्रह्मपुरा गांव तक रैली निकालकर उनका स्वागत किया जाएगा। इस रैली के लिए बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की विशेष व्यवस्था की गई है।
लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा के ताऊ नरेंद्र शर्मा एवं वेदप्रकाश शर्मा तथा चाचा प्रदीप शर्मा ने बताया कि पासिंग आउट परेड के पश्चात 8 मार्च को चिराग शर्मा भारतीय सेना की रेजीमेंट में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त हुए हैं। उनके गांव आगमन को लेकर ग्रामीणों, परिजनों और युवाओं ने भव्य स्वागत की तैयारी की है।
उन्होंने बताया कि सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में कठूमर से ब्रह्मपुरा गांव तक रैली निकालकर लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा का अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान पूरे रास्ते में देशभक्ति के गीतों और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बेटे के सेना में लेफ्टिनेंट बनने से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इस उपलब्धि पर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। ब्रह्मपुरा गांव को भी देशप्रेम की भावना के साथ विशेष रूप से सजाया गया है, जहां ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपने गांव के बेटे का स्वागत करेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


