पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय व नये थाने का किया निरीक्षण, साइबर क्राइम व अवैध हथियारों पर सख्ती के निर्देश
कठूमर। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को कठूमर स्थित पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय एवं नये थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी।
निरीक्षण के दौरान एसपी चौधरी ने थाना परिसर की साफ-सफाई और सुव्यवस्थित कार्य प्रणाली की सराहना की। उन्होंने थानाधिकारी, सहायक पुलिस निरीक्षक, उप निरीक्षक, हेड कॉन्स्टेबल एवं कॉन्स्टेबलों से संवाद कर उनकी कार्यशैली और लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली तथा मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाया जाना आवश्यक है, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून की गहन जानकारी रखने तथा प्रत्येक मामले में संवेदनशील रवैया अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने साइबर क्राइम, अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयासों की आवश्यकता जताई। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण और सतर्कता बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि इससे आम नागरिक ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बच सकेंगे।
वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान की समीक्षा करते हुए एसपी ने फरार आरोपियों की शीघ्र धरपकड़ के निर्देश भी दिए और अपराध नियंत्रण में निरंतर सक्रियता बनाए रखने को कहा।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह, डीएसपी राजेश कुमार, कठूमर थानाधिकारी सुनील टॉक सहित खेरली एवं बहुतकला के थानाधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


