तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक और ठेले को टक्कर मार दी। बाइक चालक युवक और ठेले पर प्रेस कर रही महिला गंभीर घायल, पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी।
मिशनसच न्यूज, कठूमर। कस्बे में रविवार को एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले एक बाइक सवार युवक को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे ठेले पर प्रेस कर रही महिला को भी कुचलते हुए घायल कर दिया। हादसे में बाइक चालक युवक और महिला दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पेट्रोल लेने जा रहे युवक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौहरी का नगला (मसारी) निवासी 19 वर्षीय धर्मा जाटव बाइक से खेरली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहा था। इसी दौरान खेरली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार धर्मा जाटव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
महिला ठेले पर कर रही थी प्रेस, दूसरी टक्कर में हुई घायल
हादसे के बाद कार चालक ने वाहन को रोके बिना तेज गति से आगे बढ़ाते हुए मसारी रोड पर सड़क किनारे ठेले पर प्रेस (इस्त्री) कर रही महिला शांति धोबी को भी टक्कर मार दी। महिला ठेले सहित सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही एएसआई उमरदीन पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नंबर प्लेट से आरोपी चालक की पहचान में जुटी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक से टक्कर के दौरान कार की नंबर प्लेट खेरली रोड पर गिर गई। पुलिस ने मौके से नंबर प्लेट बरामद कर ली है। इसी आधार पर कार और उसके मालिक की पहचान कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे से क्षेत्र में रोष
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


